जमुई घटना पर AIDWA-DYFI का विरोध, पीड़िता की सुरक्षा और पुनर्वास पर जोर
- Post By Admin on Sep 23 2026
जमुई : जमुई में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी के मामले को लेकर भारत की जनवादी महिला समिति (AIDWA) और भारत की जनवादी नौजवान सभा (DYFI) की राज्य कमेटी के संयुक्त नेतृत्व में गठित जांच टीम बुधवार को सोनाई मड़वा पहुंची। टीम ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ पीड़िता के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।
जांच टीम के सदस्यों ने बताया कि घटनास्थल पक्की सड़क के किनारे पहाड़ी क्षेत्र के पास स्थित है और आसपास आबादी भी है। टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए कहा कि सोनाई मड़वा का प्राकृतिक स्वरूप आकर्षक है। संगठन ने राज्य सरकार से इस क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग भी की, ताकि क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके। पीड़िता के परिजनों से मुलाकात के दौरान टीम ने उनकी स्थिति की जानकारी ली। संगठन के अनुसार, घटना के बाद परिवार के सदस्य भय और तनाव में हैं। टीम ने परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
जांच टीम ने राज्य सरकार से मामले में फरार आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी, गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत त्वरित न्यायिक कार्रवाई और पीड़िता के परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। संगठन ने पीड़िता के लिए पुनर्वास और शिक्षा जारी रखने की व्यवस्था करने की भी मांग रखी। संगठन की ओर से मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग भी की गई। इसके अलावा पीड़िता को बहादुरी के लिए राष्ट्रपति सम्मान दिए जाने की मांग रखी गई।
गौरतलब है कि 19 सितंबर की शाम जमुई के सोनाई मड़वा क्षेत्र में कोचिंग से लौट रहे नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ कथित बदसलूकी का मामला सामने आया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार मामले में पॉक्सो अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है और जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।
जांच टीम में AIDWA की राज्य सचिव नीलम देवी, DYFI के राज्य कोषाध्यक्ष दीपक कुमार वर्मा, AIDWA राज्य सचिव मंडल सदस्य सुलेखा देवी, नीतू कुमारी, सुनीता देवी, निशा कुमारी और बेबी देवी शामिल थीं। मौके पर माकपा के जमुई जिला सचिव नागेश्वर सिंह और डॉ. दिनेश कुमार भी मौजूद रहे।