मनेर में गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला दियारा, पुलिस कार्रवाई में तीन ढेर
- Post By Admin on Nov 06 2026
पटना : बिहार की राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। शेरपुर गांव के समीप गंगा नदी के दियारा इलाके में हुई इस गोलीबारी में तीन संदिग्ध अपराधियों की मौत हो गई, जबकि मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटना पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ आपराधिक मामलों में वांछित लोग शेरपुर इलाके में जुटे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर बिहार एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम के पहुंचते ही दूसरी ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान अपराधियों की ओर से 24 से 25 राउंड से अधिक गोलियां चलाई गईं, जबकि पुलिस ने जवाब में 18 राउंड फायरिंग की। इस दौरान तीन आरोपी घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गोली थानाध्यक्ष की वर्दी को छूते हुए निकली, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में मारे गए लोगों की पहचान जेपी यादव, बबलू कुमार और राजा शर्मा के रूप में हुई है। तीनों का आपराधिक इतिहास बताया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि वे मनेर में हाल में हुई एक हत्या के मामले में भी वांछित थे। घटनास्थल से दो पिस्तौल, एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है। कुछ अन्य संदिग्धों के अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की भी बात सामने आई है।
मुठभेड़ पर परिजनों ने उठाए सवाल
तीनों की मौत की खबर अस्पताल पहुंचने के बाद उनके परिजन और समर्थक वहां जुट गए। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। समर्थकों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और वाहनों में तोड़फोड़ की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। राजद सांसद मीसा भारती भी परिजनों से मिलने अस्पताल पहुंचीं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतकों का पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी के साथ कराया जाएगा।