मोहनपुर हाईस्कूल के बच्चों ने दिखाई वैज्ञानिक प्रतिभा, चलता रोबोट देख दंग रह गए डीएम-एसपी

  • Post By Admin on Nov 06 2026
मोहनपुर हाईस्कूल के बच्चों ने दिखाई वैज्ञानिक प्रतिभा, चलता रोबोट देख दंग रह गए डीएम-एसपी

लखीसराय : मोहनपुर उच्च विद्यालय में शुक्रवार को आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा और रचनात्मक सोच देखने को मिली। छात्र-छात्राओं ने रोबोट, हाइड्रोपोनिक्स कृषि तकनीक, महिला सुरक्षा अलार्म और भूकंप चेतावनी प्रणाली सहित कई उपयोगी मॉडल प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों के इन नवाचारों को देखकर जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार समेत उपस्थित अतिथियों ने उनकी सराहना की।

विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल, जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। मौके पर उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग और विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की ओर से तैयार किया गया कार्यशील रोबोट विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। रोबोट को चलते हुए देखकर जिला पदाधिकारी और अन्य अतिथि काफी प्रभावित हुए। इसके अलावा बच्चों ने बेकार और अनुपयोगी वस्तुओं का इस्तेमाल कर पानी का जहाज तैयार किया। इस मॉडल के माध्यम से उन्होंने पुरानी वस्तुओं के दोबारा उपयोग की उपयोगिता को दर्शाया।आधुनिक कृषि तकनीक पर आधारित हाइड्रोपोनिक्स मॉडल के जरिए विद्यार्थियों ने बिना मिट्टी के खेती करने की विधि प्रस्तुत की। वहीं, महिला सुरक्षा के लिए तैयार अलार्म सिस्टम और भूकंप की स्थिति में चेतावनी देने वाला उपकरण भी प्रदर्शनी में आकर्षण का विषय रहा। इन परियोजनाओं से विद्यार्थियों ने यह दिखाने का प्रयास किया कि विज्ञान और तकनीक का इस्तेमाल रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान में किस तरह किया जा सकता है।

जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने विभिन्न मॉडलों का अवलोकन किया और विद्यार्थियों से उनकी कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों की जिज्ञासा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण की प्रशंसा करते हुए कहा कि विज्ञान प्रदर्शनियों से विद्यार्थियों में नवाचार, प्रयोग करने की प्रवृत्ति और वैज्ञानिक सोच विकसित होती है। उन्होंने बच्चों को आगे भी नए प्रयोग करने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रोत्साहित किया। डीएम ने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका प्रिया को भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से बच्चों की प्रतिभा को बेहतर दिशा मिलती है। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।