आरडीएस कॉलेज में गांधी के विचारों पर मंथन, ‘आर्गुमेंट विद गांधी’ पुस्तक पर हुई चर्चा

  • Post By Admin on Nov 03 2026
आरडीएस कॉलेज में गांधी के विचारों पर मंथन, ‘आर्गुमेंट विद गांधी’ पुस्तक पर हुई चर्चा

मुजफ्फरपुर : रामदयालु सिंह महाविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग में प्रख्यात इतिहासकार रामचंद्र गुहा की चर्चित पुस्तक ‘आर्गुमेंट विद गांधी’ पर पुस्तक परिचर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम में महात्मा गांधी के विचारों, सिद्धांतों और समकालीन सामाजिक-राजनीतिक संदर्भों पर चर्चा हुई। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में पुस्तक पढ़ने की रुचि बढ़ाने के साथ उनमें वैचारिक समझ और आलोचनात्मक चिंतन विकसित करना था।

परिचर्चा के दौरान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. पंकज कुमार तिवारी ने पुस्तक के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक महात्मा गांधी के विचारों और उनके समय के सामाजिक एवं राजनीतिक सवालों को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है। गांधी के विचारों का अध्ययन केवल उनके सिद्धांतों को स्वीकार करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन पर तार्किक बहस और समालोचनात्मक चिंतन भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सत्य, अहिंसा, सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और नैतिक राजनीति जैसे विषयों पर गांधी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। विद्यार्थियों को इन विचारों को वर्तमान सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों के संदर्भ में समझने का प्रयास करना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राजनीति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. रजनीकांत पांडेय ने कहा कि पुस्तक परिचर्चा विद्यार्थियों में नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने के साथ उनकी तार्किक और विश्लेषणात्मक क्षमता को भी मजबूत करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से पुस्तकों का अध्ययन करने और अकादमिक चर्चाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमृता कुमारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. बिंदु कुमारी ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर स्नातक और स्नातकोत्तर के विभिन्न सेमेस्टरों के विद्यार्थी उपस्थित रहे। इनमें आयुषी, स्वाति, श्रेंगदा, प्राची, पुतुल, विवेक, रोहित, आदित्य और ऋषभ सहित अन्य छात्र-छात्राएं शामिल थे।