बेगूसराय से शराब की खेप ला रहे 4 धंधेबाज गिरफ्तार, 80 लीटर चुलाई शराब जब्त

  • Post By Admin on Nov 07 2026
बेगूसराय से शराब की खेप ला रहे 4 धंधेबाज गिरफ्तार, 80 लीटर चुलाई शराब जब्त

लखीसराय : जिले के किउल थाना क्षेत्र स्थित हादा मोड़ पर मद्य निषेध थाने की पुलिस ने छापेमारी कर शराब तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। मद्य निषेध टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चार तस्करों को दबोच लिया। पकड़े गए सभी अभियुक्त पड़ोसी जिले बेगूसराय के साम्हो थाना अंतर्गत अकहा कुरहा गांव के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस द्वारा जारी छापेमारी प्रतिवेदन के अनुसार, मौके से अरविन्द कुमार, पिता- स्वर्गीय युगल दास और उपेन्द्र पासवान, पिता- स्वर्गीय अनिल पासवान को 20 लीटर चुलाई शराब तथा एक मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया, जो शराब पीने व बेचने के धंधे में संलिप्त थे। वहीं दूसरी कार्रवाई में सन्नी कुमार, पिता- कारेलाल चौधरी और निगम कुमार, पिता- रंजीत पासवान के पास से 60 लीटर अवैध चुलाई शराब व एक अन्य मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिसे वे बेचने के उद्देश्य से ले जा रहे थे। पुलिस ने कुल 80 लीटर देसी चुलाई शराब और तस्करी में प्रयुक्त दोनों बाइकों को जब्त करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।