ज्ञान की रोशनी से दूर हो अज्ञान का अंधकार, कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय ने दिया अकादमिक उत्कृष्टता का संदेश

  • Post By Admin on Nov 07 2026
ज्ञान की रोशनी से दूर हो अज्ञान का अंधकार, कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय ने दिया अकादमिक उत्कृष्टता का संदेश

मुजफ्फरपुर : बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय ने दीपावली को केवल परंपरागत उत्सव तक सीमित न मानते हुए इसे ज्ञान, चेतना और नवाचार का प्रतीक बताया है। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के लिए अपने मूल उद्देश्य को याद करने तथा ज्ञान की रोशनी समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लेने का अवसर है।

कुलपति सचिवालय की ओर से शनिवार को जारी दीपावली संदेश में प्रो. राय ने कहा कि दीपावली का मूल भाव 'तमसो मा ज्योतिर्गमय' यानी अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ना है। यह संदेश विश्वविद्यालयों के लिए भी प्रासंगिक है, क्योंकि उनका दायित्व केवल ज्ञान का संरक्षण करना नहीं, बल्कि शोध, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से भविष्य की दिशा तय करना भी है। उन्होंने दीपमालिका की रोशनी को विश्वविद्यालय में विभिन्न विषयों और विचारों के आपसी जुड़ाव का प्रतीक बताया। उनके अनुसार, अलग-अलग विषयों के बीच संवाद और अंतर्विषयी चिंतन से ज्ञान का दायरा बढ़ता है। जिस तरह एक दीपक से अनेक दीप जलाने पर उसकी रोशनी कम नहीं होती, उसी तरह ज्ञान साझा करने से उसका विस्तार होता है। विश्वविद्यालय की वास्तविक ताकत विविध विचारों, शोध पद्धतियों और विद्वत्तापूर्ण दृष्टिकोणों के बीच सार्थक संवाद में निहित है।

प्रो. राय ने कहा कि दीपावली जड़ता, पुरानी सोच और अज्ञानता को दूर कर शैक्षणिक संस्थानों में नई ऊर्जा भरने का अवसर भी है। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय जैसे ऐतिहासिक संस्थान को ज्ञान की परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ शोध की गुणवत्ता, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने समावेशी, सामंजस्यपूर्ण और शोधोन्मुख विश्वविद्यालय व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

कुलपति ने विश्वविद्यालय परिवार से पर्यावरण के अनुकूल दीपों और प्राकृतिक सजावट का इस्तेमाल करने तथा पटाखों से दूरी बनाकर हरित दीपावली मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण की भावना शैक्षणिक संस्थानों के व्यवहार में भी दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि दीपावली का उत्साह आने वाले शैक्षणिक सत्र में विश्वविद्यालय के सभी विभागों और महाविद्यालयों में रचनात्मकता, गुणवत्तापूर्ण शोध और अकादमिक उत्कृष्टता को नई गति देगा। इस अवसर पर प्रो. बीएस राय, प्रो. कनुप्रिया, प्रो. राजीव कुमार, प्रो. नवेदुल हक और डॉ. नवीन कुमार सहित अन्य ने भी विश्वविद्यालय परिवार को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।