‘हरित दिवाली-स्वस्थ दिवाली’ के लिए मुजफ्फरपुर में नुक्कड़ नाटक, पटाखों से होने वाले नुकसान बताए
- Post By Admin on Nov 07 2026
मुजफ्फरपुर: दीपावली के दौरान बढ़ते वायु एवं ध्वनि प्रदूषण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से चर्चित नाट्य संस्था ‘सूत्रधार’ की ओर से शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 को शहर के विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन किया गया। बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद, पटना के सौजन्य से आयोजित इस जागरूकता अभियान के तहत ‘हरित दिवाली-स्वस्थ दिवाली’ नाटक के माध्यम से लोगों को पटाखों से होने वाले नुकसान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
वरिष्ठ रंगकर्मी एवं सूत्रधार के महासचिव नवाब आलम द्वारा लिखित एवं निर्देशित इस नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन सरैयागंज, इमलीचट्टी बस स्टैंड, मुजफ्फरपुर जंक्शन तथा आदर्श राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बीएमपी कंपाउंड, मालीघाट में किया गया। कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से बताया कि मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण का आपस में गहरा संबंध है। दीपावली के दौरान पटाखों से निकलने वाला धुआं और तेज आवाज लोगों के स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंचाते हैं।
नाटक में पटाखों से निकलने वाले हानिकारक रासायनिक तत्वों और उनसे होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को भी दर्शाया गया। कलाकारों ने बताया कि वायु प्रदूषण से सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ता है, जबकि अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। नाटक के माध्यम से लोगों से पटाखों के इस्तेमाल से बचने और पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने की अपील की गई। प्रस्तुति में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) की खराब स्थिति का उल्लेख करते हुए बताया गया कि प्रदूषण की गंभीरता को देखते हुए पटाखों के उपयोग पर नियंत्रण आवश्यक है। नाटक में पटना, गया, मुजफ्फरपुर और हाजीपुर में पटाखों पर प्रतिबंध से संबंधित जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन रंगकर्मी संजय यादव ने किया। नुक्कड़ नाटक में सुनील कुमार, कुमकुम भारती, महावीर साह, खुशबू उर्फ प्रमिला देवी और कृष्णा भगत ने अभिनय किया। सूत्रधार के महासचिव एवं बिहार सरकार के भिखारी ठाकुर कला पुरस्कार (वरिष्ठ रंगमंच) से सम्मानित नवाब आलम ने इस जागरूकता अभियान के लिए बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद और जिला प्रशासन, मुजफ्फरपुर के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पटाखों से दूरी बनाकर स्वच्छ, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाएं।