जाम पर लगाम लगाने के लिए परिवहन विभाग सख्त, 67 वाहन चालकों से वसूला जुर्माना

  • Post By Admin on Nov 06 2026
जाम पर लगाम लगाने के लिए परिवहन विभाग सख्त, 67 वाहन चालकों से वसूला जुर्माना

लखीसराय : शहर और जिले के विभिन्न मार्गों पर जाम की समस्या कम करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए परिवहन विभाग ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने अलग-अलग स्थानों पर वाहनों की जांच की। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 67 वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई और 1 लाख 60 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया।

6 नवंबर को चलाए गए इस अभियान में नियमों के विपरीत परिचालित वाहनों के साथ यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों की भी जांच की गई। जांच के दौरान उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

परिवहन विभाग के अनुसार, अभियान का उद्देश्य जिले में यातायात को व्यवस्थित रखना, सड़कों पर लगने वाले जाम पर नियंत्रण करना और विधि-व्यवस्था बनाए रखना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए इस तरह का वाहन जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।