रामेश्वर महाविद्यालय में वाटर प्यूरिफायर का उद्घाटन, 7 हजार से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगी शुद्ध पेयजल सुविधा

  • Post By Admin on Nov 05 2026
रामेश्वर महाविद्यालय में वाटर प्यूरिफायर का उद्घाटन, 7 हजार से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगी शुद्ध पेयजल सुविधा

मुजफ्फरपुर: सात हजार से अधिक छात्र-छात्राओं वाले रामेश्वर महाविद्यालय में अब विद्यार्थियों को शुद्ध पेयजल की बेहतर सुविधा मिलेगी। पंजाब नेशनल बैंक की जवाहरलाल रोड शाखा, मुजफ्फरपुर के सहयोग से महाविद्यालय परिसर में वाटर प्यूरिफायर स्थापित किया गया है। 4 नवंबर 2026 को प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर ने बैंक के शाखा प्रबंधक ओम प्रकाश साह एवं महाविद्यालय परिवार की उपस्थिति में इसका उद्घाटन किया।

इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. श्यामल किशोर ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण देने के साथ उनकी बुनियादी सुविधाओं का ध्यान रखना भी महाविद्यालय की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और बेहतर शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करना महाविद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है, इसलिए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के लिए शुद्ध पेयजल अत्यंत आवश्यक है। प्राचार्य ने इस सहयोग के लिए पंजाब नेशनल बैंक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों के विकास में बैंकों और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

बैंक के शाखा प्रबंधक ओम प्रकाश साह ने वाटर प्यूरिफायर की स्थापना को विद्यार्थियों के हित में उपयोगी पहल बताते हुए महाविद्यालय प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने भविष्य में भी सकारात्मक सहयोग का भरोसा दिया। महाविद्यालय परिवार ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति को देखते हुए परिसर में शुद्ध पेयजल की सुविधा स्वास्थ्य और स्वच्छता की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित होगी। कार्यक्रम में प्रो. रजनी रंजन, डॉ. धीरज कुमार, डॉ. महजबीन परवीन, डॉ. उमेश शुक्ल, डॉ. दिलीप कुमार सिंह, रीतेश रंजन, सीतेश कुमार सिंह, रामचरण साहनी, प्रदीप कुमार सिंह, नीतेश्वर ठाकुर एवं राकेश कुमार सिंह सहित शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।