लखीसराय में विधि-व्यवस्था की समीक्षा, फरार अभियुक्तों और नशे के कारोबारियों पर कार्रवाई के आदेश

  • Post By Admin on Nov 06 2026
लखीसराय में विधि-व्यवस्था की समीक्षा, फरार अभियुक्तों और नशे के कारोबारियों पर कार्रवाई के आदेश

लखीसराय : जिले में विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराध नियंत्रण और नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को समाहरणालय स्थित जिलाधिकारी के कार्यालय प्रकोष्ठ में डीएम शैलेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें विधि-व्यवस्था, जिला स्तरीय निगरानी समिति, जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति और मद्य निषेध से जुड़े मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में डीएम ने लंबित कुर्की-जब्ती के मामलों का शीघ्र निष्पादन करने और फरार अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्माणाधीन थाना भवनों का काम निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराने पर भी जोर दिया। पुलिस व्यवस्था की निगरानी को प्रभावी बनाने के लिए डीएम ने सभी थाना परिसरों में खराब और निष्क्रिय पड़े सीसीटीवी कैमरों को जल्द दुरुस्त कराने को कहा। वहीं, अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ सघन छापेमारी अभियान चलाने और इस धंधे में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का निर्देश दिया।

मद्य निषेध से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए डीएम ने उत्पाद विभाग और पुलिस अधिकारियों को अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने सघन छापेमारी कर अवैध शराब की बरामदगी सुनिश्चित करने और तस्करों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। शराब की तस्करी में इस्तेमाल होने वाले वाहनों को भी नियमानुसार जब्त करने को कहा गया। बैठक में निर्माणाधीन महिला थाना और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति थाना भवनों का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने का निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिया गया।

डीएम ने स्पष्ट किया कि जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखना, अपराध पर नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इन मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता राहुल कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।