एक्शन मोड में लखीसराय प्रशासन: बड़हिया के छठ घाटों पर पैनी नजर, लापरवाही पर नपेंगे अफसर

  • Post By Admin on Nov 05 2026
एक्शन मोड में लखीसराय प्रशासन: बड़हिया के छठ घाटों पर पैनी नजर, लापरवाही पर नपेंगे अफसर

लखीसराय : लोक आस्था के महापर्व छठ के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में 5 नवंबर को जिला पदाधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार ने बड़हिया नगर परिषद और प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता न हो और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सबसे पहले बड़हिया स्थित इंदु पोखर छठ घाट पहुंचे, जहां नगर परिषद द्वारा मरम्मत का कार्य जारी था। उन्होंने पोखर के पानी की स्वच्छता, मजबूत बैरिकेडिंग, कंट्रोल रूम, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, पीने का पानी, शौचालय और समुचित लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही नवोदय विद्यालय जाने वाली सड़क के गड्ढों को तुरंत भरने का आदेश दिया और ग्रामीणों द्वारा ड्रेनेज के कारण 300 बीघा कृषि भूमि के जलमग्न होने की शिकायत पर संबंधित विभाग को पत्र लिखने का निर्देश दिया।

इसके बाद जिलाधिकारी ने बी.एन. कॉलेज गंगा घाट का जायजा लिया। नदी के कटाव के कारण घाट की सीढ़ियां क्षतिग्रस्त मिलने पर उन्होंने उस हिस्से से श्रद्धालुओं के आवागमन पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए। गहरे पानी को देखते हुए मजबूत बैरिकेडिंग, गोताखोर, एसडीआरएफ टीम, नाविक, मेडिकल कैंप और बिजली कर्मियों की तैनाती का निर्देश दिया गया। वहीं जैतपुर गंगा घाट पर अब तक काम शुरू न होने पर नाराजगी जताते हुए अविलंब तैयारी शुरू करने और शहीद द्वार से मंदिर तक की जर्जर सड़क को तुरंत ठीक करने का निर्देश दिया गया। अंत में खुटहा पश्चिमी राम गंगा घाट का निरीक्षण कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर आवश्यकतानुसार सरकारी नावें उपलब्ध कराने का आदेश दिया। निरीक्षण के दौरान अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।