जेनिथ सोशल फाउंडेशन ने बच्चों को सिखाए योग और कराटे, नियमित अभ्यास के लिए किया प्रेरित

  • Post By Admin on Nov 05 2026
जेनिथ सोशल फाउंडेशन ने बच्चों को सिखाए योग और कराटे, नियमित अभ्यास के लिए किया प्रेरित

जमुई : सोनो प्रखंड की गंदर पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय भुराहा में जेनिथ सोशल फाउंडेशन की ओर से योग एवं कराटे प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने, मानसिक मजबूती विकसित करने और आत्मरक्षा के तरीके सीखने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान फाउंडेशन के जिला महासचिव पियुष बरनवाल ने बच्चों को योग और कराटे के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मानसिक एकाग्रता और अनुशासन विकसित करने में मदद मिलती है। वहीं, कराटे का प्रशिक्षण बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने और विपरीत परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा करने की क्षमता विकसित करने में सहायक है। उन्होंने बच्चों को नियमित अभ्यास करने और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। पियुष बरनवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में भी प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित मार्गदर्शन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की, ताकि वे अपनी क्षमता को पहचानकर आगे बढ़ सकें।

इस अवसर पर फाउंडेशन के जिला महासचिव पियुष बरनवाल, विद्यालय की शिक्षिका रूबी कुमारी सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे। फाउंडेशन की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों को खेल, योग और आत्मरक्षा प्रशिक्षण से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।