रामशरण सिंह को किया गया याद, वक्ताओं ने बताया एडवोकेट्स एसोसिएशन की मजबूत नींव
- Post By Admin on Nov 05 2026
मुजफ्फरपुर: एडवोकेट्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं वरीय अधिवक्ता रामशरण सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर गुरुवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सिविल कोर्ट परिसर स्थित एडवोकेट्स एसोसिएशन में मानवाधिकार अधिवक्ता एस.के. झा के चैंबर ‘भारत वर्षम्’ में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं और समाजसेवियों ने उपस्थित होकर उन्हें याद किया।
कार्यक्रम में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामकृष्ण ठाकुर उर्फ रामबाबू ठाकुर ने रामशरण सिंह के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके योगदान को याद किया। वरीय अधिवक्ता विजय कुमार शाही ने कहा कि रामशरण सिंह मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट की धरोहर थे। वे एडवोकेट्स एसोसिएशन के जनक के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे। उनके निधन के बाद संघ में जो खालीपन आया है, उसकी भरपाई संभव नहीं है। उनके जैसा व्यक्तित्व कई युगों में कभी-कभार ही देखने को मिलता है। रामशरण सिंह के करीबी रहे मानवाधिकार अधिवक्ता एस.के. झा ने कहा कि रामशरण बाबू मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट के भीष्म पितामह थे। एडवोकेट्स एसोसिएशन के नए भवन का निर्माण उनके प्रयासों से ही संभव हो पाया था। उनका व्यक्तित्व विराट था और उनका जीवन अधिवक्ता समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि रामशरण सिंह के बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस दौरान समाजसेवी मुक्तेश्वर सिंह मुकेश भी उन्हें याद करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में रामशरण सिंह जैसा विराट व्यक्तित्व नहीं देखा। उनकी कमी हमेशा महसूस होती रहेगी। उनके विचारों और बताए रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। श्रद्धांजलि सभा में समाजसेवी बबलु त्रिवेदी, अधिवक्ता राजीव रंजन, राकेश कुमार सिंह उर्फ टुन्ना सिंह, माधव शर्मा, मणिभूषण शर्मा उर्फ डिम्पल जी, कबीर राज, कुमुद रंजन, आलोक सिन्हा, अभिषेक रंजन झा उर्फ मंटू, अजय कुमार, विक्रांत कुमार, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, नेहा कुमारी, प्रफुल्ल कुमार श्रीवास्तव, अमय कश्यप और रिमीषा राज सहित सैकड़ों अधिवक्ता एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।