पशु चिकित्सा में उच्च शिक्षा के बढ़े विकल्प, टांटिया यूनिवर्सिटी ने शुरू किए 16 एमवीएससी पाठ्यक्रम
- Post By Admin on Nov 06 2026
श्रीगंगानगर : टांटिया यूनिवर्सिटी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पशु चिकित्सा विज्ञान में स्नातकोत्तर पढ़ाई का नया अवसर उपलब्ध कराया है। विश्वविद्यालय के पशु चिकित्सा विज्ञान संकाय के अंतर्गत संचालित वेटरनरी कॉलेज में मास्टर ऑफ वेटरनरी साइंस (एमवीएससी) का पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। इसके तहत 16 अलग-अलग विषयों में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
वेटरनरी कॉलेज के डीन डॉ. पीएस बराड़ के अनुसार, प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 16 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश के लिए परीक्षा 25 नवंबर को आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय ने दावा किया है कि वह पशु चिकित्सा विज्ञान में स्नातकोत्तर डिग्री कार्यक्रम शुरू करने वाला देश का पहला निजी विश्वविद्यालय है।
एमवीएससी पाठ्यक्रम के लिए वेटरनरी एनाटॉमी, वेटरनरी फिजियोलॉजी, लाइवस्टॉक प्रोडक्शन मैनेजमेंट, वेटरनरी माइक्रोबायोलॉजी, वेटरनरी पैथोलॉजी, एनिमल जेनेटिक्स एंड ब्रीडिंग, एनिमल न्यूट्रिशन और वेटरनरी बायोकेमिस्ट्री जैसे विषय शामिल किए गए हैं। इसके अलावा वेटरनरी फार्माकोलॉजी, वेटरनरी पब्लिक हेल्थ एंड एपिडेमियोलॉजी, वेटरनरी पैरासिटोलॉजी, लाइवस्टॉक प्रोडक्ट्स एंड टेक्नोलॉजी, वेटरनरी एंड एनिमल हसबैंड्री एक्सटेंशन एजुकेशन, वेटरनरी सर्जरी एंड रेडियोलॉजी, वेटरनरी मेडिसिन तथा वेटरनरी गायनेकोलॉजी एंड ऑब्स्टेट्रिक्स में भी प्रवेश दिया जाएगा।
इस पाठ्यक्रम की शुरुआत से पशु चिकित्सा विज्ञान में स्नातक करने वाले विद्यार्थियों को श्रीगंगानगर में ही उच्च शिक्षा और विशेषज्ञता हासिल करने का अवसर मिलेगा। इन 16 विषयों में पढ़ाई से पशु स्वास्थ्य, रोगों की पहचान, उपचार और पशुपालन से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में विशेषज्ञता विकसित करने का रास्ता खुलेगा।