दिवाली-छठ पर साफ-सुथरा दिखे शहर, डीएम ने लिया स्टेशन पुल और केआरके मैदान का जायजा
- Post By Admin on Nov 05 2026
लखीसराय : महापर्व छठ और दीपावली के मद्देनजर जिला पदाधिकारी ने शहर के विभिन्न प्रमुख इलाकों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लखीसराय स्टेशन पुल के नीचे रेलवे द्वारा निर्मित सड़क पर कई गड्ढे पाए, जिस पर गहरी नाराजगी जताते हुए किऊल रेल अभियंता को तत्काल सड़क दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पुल के उत्तरी और दक्षिणी हिस्से की सड़कों में बने गड्ढों को भी जल्द भरने और मरम्मत कराने के लिए कार्यपालक अभियंता (आरसीडी) को आवश्यक निर्देश जारी किए।
बाजार क्षेत्र के भ्रमण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने पाया कि कुछ दुकानदारों द्वारा दुकानों के सामने कचरा फैलाया गया है। उन्होंने संबंधित दुकानदारों को तत्काल गंदगी साफ करने की सख्त हिदायत दी और कहा कि त्योहारों के इस पावन अवसर पर सड़कें पूरी तरह साफ, सुथरी और व्यवस्थित रहनी चाहिए।
इसके बाद डीएम ने केआरके हाई स्कूल मैदान का भी स्थलीय निरीक्षण किया। यहां उन्होंने दीपावली और छठ पर्व पर लगने वाले पारंपरिक पटाखा बाजार तथा फल बाजार की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व के दौरान आम जनता व खरीदारों को किसी तरह की असुविधा न हो।