लखीसराय में छठ की तैयारी का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, पहुंच पथ और रोशनी सुधारने पर जोर

  • Post By Admin on Nov 06 2026
लखीसराय में छठ की तैयारी का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, पहुंच पथ और रोशनी सुधारने पर जोर

लखीसराय : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने घाटों पर सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने लखीसराय एवं पिपरिया प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाटों की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार सहित अन्य अधिकारियों के साथ तीनमुहानी घाट, मुंडवरिया छठ घाट, वलीपुर पोखर घाट, रामचंद्रपुर पोखर घाट और संगम घाट का भ्रमण किया। इस दौरान घाटों तक पहुंचने के रास्ते, साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति देखी गई। तीनमुहानी घाट पर हरिहर और किऊल नदी के संगम तथा गहरे पानी को देखते हुए डीएम ने अंचल अधिकारी को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने यहां बैरिकेडिंग के साथ एसडीआरएफ, गोताखोरों, नाविकों और नाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मुंडवरिया घाट पर नदी की ओर एसडीआरएफ और गोताखोरों की नियमित गश्ती कराने का निर्देश दिया गया।

वलीपुर पोखर घाट पर स्थानीय युवाओं की ओर से की जा रही तैयारियों की अधिकारियों ने सराहना की। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को घाट की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखने को कहा गया। रामचंद्रपुर पोखर घाट पर पहुंच पथ की खराब स्थिति को देखते हुए छठ समिति को रास्ता दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया। वहीं, पीडब्ल्यूडी सड़क पर पुल के समीप क्षतिग्रस्त हिस्से की जल्द मरम्मत कराने के लिए कार्यपालक अभियंता को कहा गया। संगम घाट पर पानी की गहराई को ध्यान में रखते हुए डीएम ने बैरिकेडिंग और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त सूर्यगढ़ा प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और नगर परिषद सूर्यगढ़ा के कार्यपालक पदाधिकारी ने किया। वहां भी सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

डीएम शैलेंद्र कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी घाटों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त रोशनी, गोताखोरों और एसडीआरएफ की उपलब्धता सहित जरूरी इंतजाम निर्धारित समय से पहले पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में छठ पूजा कर सकें।