मालीघाट के अमन चिल्ड्रेन्स स्कूल में लगा बाल दरबार, बच्चों के बीच बांटी गई पठन-पाठन सामग्री
- Post By Admin on Nov 07 2026
मुजफ्फरपुर: शहर के मालीघाट स्थित अमन चिल्ड्रेन्स स्कूल में शनिवार, 7 नवंबर 2026 को एम. एस. केशरी पब्लिकेशन की ओर से बाल दरबार का आयोजन किया गया। युवा समाजसेवी एवं पब्लिकेशन की संचालिका मुस्कान केशरी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों के बीच पठन-पाठन सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उनका उत्साहवर्धन करना और उनके साथ खुशियों के पल साझा करना था।
इस अवसर पर मुस्कान केशरी ने कहा कि बच्चों को खुशियां देना और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति और कुछ कर गुजरने की चाह हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। बच्चों में शिक्षा के प्रति जागरूकता और उत्साह बढ़ाने के लिए समय-समय पर बाल दरबार आयोजित किया जाता है, जहां बच्चे खुलकर अपनी बातें और विचार साझा कर सकते हैं।
कार्यक्रम में कठपुतली कलाकार सुनील कुमार ने बच्चों को पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने का संदेश दिया। उन्होंने बच्चों को विभिन्न खेल गतिविधियों में भी शामिल कराया, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या बबिता ठाकुर, निदेशक अनिल कुमार ठाकुर, वरिष्ठ कठपुतली कलाकार कांता देवी, प्रसिद्ध कठपुतली कलाकार सुनील कुमार, एम. एस. केशरी पब्लिकेशन की सक्रिय सदस्य दीपा श्रीवास्तव और आदित्य कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।समाजसेवा और बच्चों के प्रति संवेदनशील पहल में योगदान के लिए दीपा श्रीवास्तव को महात्मा गांधी की तस्वीर भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या बबिता ठाकुर ने धन्यवाद ज्ञापन किया। बाल दरबार के माध्यम से बच्चों को शिक्षा, रचनात्मकता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया। आयोजकों ने इस तरह की पहल को बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।