वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के बीच युवाओं ने मनाई दीपावली, भोजन और शॉल भेंटकर बांटी खुशियां

  • Post By Admin on Nov 07 2026
वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के बीच युवाओं ने मनाई दीपावली, भोजन और शॉल भेंटकर बांटी खुशियां

मुजफ्फरपुर: दीपावली का त्योहार केवल अपने घरों को रोशन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाना भी इसका वास्तविक उद्देश्य है। इसी भावना के साथ मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की पहल के तहत ‘माय भारत की युवा उमंग, दीपावली के दीपों के संग’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी नन्नू लाल यूथ क्लब के युवाओं ने मिठनपुरा स्थित वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ दीपावली मनाई और उनके बीच भोजन वितरित कर खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम की शुरुआत वृद्धाश्रम परिसर में दीप और मोमबत्तियां जलाकर की गई। युवाओं ने बुजुर्गों के साथ समय बिताया, उनका हालचाल जाना और उनके जीवन के अनुभवों को सुना। दीपों की रोशनी और फूलझड़ियों के बीच पूरा परिसर उत्साह और आत्मीयता से भर गया। युवाओं ने बुजुर्गों को शॉल भेंटकर सम्मानित किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के बीच भोजन का वितरण किया गया। इसके साथ ही आसपास रहने वाले जरूरतमंद लोगों को भी भोजन उपलब्ध कराया गया। युवाओं ने कहा कि त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक होती हैं, जब उन्हें समाज के जरूरतमंद और उपेक्षित लोगों के साथ साझा किया जाए। बुजुर्ग समाज की अनुभव, संस्कार और जीवन मूल्यों की धरोहर हैं। उनका सम्मान करना और उनके साथ समय बिताना युवाओं की सामाजिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक सेवा और सामुदायिक सहभागिता से जोड़ना तथा बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान की भावना विकसित करना था। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका केवल बड़े अभियानों तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां लाना और समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ खड़ा होना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है।

इस अवसर पर वृद्धाश्रम के संचालक, स्वतंत्रता सेनानी नन्नू लाल यूथ क्लब के पूर्व सचिव चंदन कुमार, विनीत सिंह, क्लब के पूर्व अध्यक्ष प्रिंस कुमार, सचिव कृष्ण कुमार, आशुतोष सिंह, गीता कुमारी, मुशहरी के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक धर्मेंद्र कुमार, निशांत कुमार, मो. ताहीर, नाहेदा प्रवीण, अमन सिंह, अमन कुमार, अरशक, अविनाश कुमार और संजीत कुमार सहित अन्य युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में युवाओं ने भविष्य में भी जरूरतमंदों, वंचितों और बुजुर्गों के बीच पहुंचकर सामाजिक सेवा के कार्य जारी रखने का संकल्प लिया। दीपावली स्नेह मिलन का यह आयोजन सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ त्योहार मनाने की प्रेरणा दे गया।