जनजातीय गांव में खुशियों का दीप जलाने पहुंचे डीएम-एसपी, ग्रामीणों के साथ मनाया दीपोत्सव
- Post By Admin on Nov 07 2026
लखीसराय : दीपावली के अवसर पर जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार और पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने जिले के जनजातीय क्षेत्र महाजनवा पहुंचकर ग्रामीणों और बच्चों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। अधिकारियों ने प्रत्येक परिवार को पांच-पांच दीपक और मिठाई के पैकेट वितरित किए। इसके साथ ही बच्चों और ग्रामीणों के बीच लड्डू भी बांटे गए। प्रशासनिक अधिकारियों की इस पहल से गांव में उत्साह और खुशी का माहौल रहा।
ग्रामीणों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन क्षेत्र के विकास और स्थानीय लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। महाजनवा दौरे के दौरान जिला पदाधिकारी ने क्षेत्र में चल रही कृषि गतिविधियों और औषधीय पौधों की खेती का भी जायजा लिया। उन्होंने स्ट्रॉबेरी, ग्रीन तुलसी और अन्य औषधीय पौधों की खेती की स्थिति देखी। इसके अलावा गांव से करीब 400 मीटर दूर पहले वितरित किए गए लेमनग्रास के पौधों के रोपण और उनके विकास की जानकारी भी ली।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डीएम ने बताया कि जिला प्रशासन महाजनवा को औषधीय पौधों की विशिष्ट घाटी के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रहा है। इस क्षेत्र को ‘फ्लावर ऑफ मेडिसिनल प्लांट्स वैली’ के रूप में पहचान दिलाने की योजना है। उन्होंने कहा कि औषधीय पौधों की खेती से स्थानीय लोगों की आजीविका मजबूत हो सकती है और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इस मौके पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उप समाहर्ता प्राची कुमारी, डीआरडीए के निदेशक नीरज कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी अश्विनी चौबे, सहायक निदेशक उद्यान राजीव रंजन सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।