छठ महापर्व को लेकर अलर्ट पर लखीसराय प्रशासन, गंगा घाटों पर तैनात होंगी मोटरबोट सहित 2 SDRF टीमें

  • Post By Admin on Nov 05 2026
छठ महापर्व को लेकर अलर्ट पर लखीसराय प्रशासन, गंगा घाटों पर तैनात होंगी मोटरबोट सहित 2 SDRF टीमें

लखीसराय : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर लखीसराय जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। आगामी 13 नवंबर से 16 नवंबर तक आयोजित होने वाले चार दिवसीय छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष एहतियात बरते जा रहे हैं। इस संबंध में लखीसराय के जिला पदाधिकारी ने बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव को पत्र भेजकर जिले में राहत और बचाव कार्यों के लिए मोटरबोट सहित दो NDRF/SDRF टीमों की तैनाती की मांग की है।

प्रशासन द्वारा भेजे गए आधिकारिक पत्र में स्पष्ट किया गया है कि हाल ही में लखीसराय जिले के बड़हिया, लखीसराय सदर, पिपरिया और सूर्यगढ़ा प्रखंड बाढ़ की चपेट में रहे हैं। इस कारण गंगा नदी और उससे जुड़ी अन्य सहायक नदियों और घाटों में जलस्तर की स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। छठ पर्व के दौरान नदी, घाटों और तालाबों पर भारी तादाद में छठव्रती और उनके परिजन स्नान और अर्घ्य देने के लिए जुटते हैं। ऐसे में गहरे पानी में डूबने की आशंका और संभावित मानव क्षति को देखते हुए आपदा प्रबंधन के कड़े उपाय किए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी ने पटना स्थित आपदा प्रबंधन विभाग से आग्रह किया है कि पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए समादेष्टा, एसडीआरएफ, बिहटा को निर्देशित कर 13 से 16 नवंबर तक मोटरबोट से लैस दो टीमों की जिले में प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित कराई जाए। इस कदम से स्थानीय घाटों पर निगरानी मजबूत होगी और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।