लखीसराय में 61.52% मतदान, भाजपा जिलाध्यक्ष ने एनडीए की एकतरफा जीत का जताया भरोसा
- Post By Admin on Oct 23 2026
लखीसराय : कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव में लखीसराय जिले के मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जिले में कुल 3,758 पंजीकृत मतदाताओं में से 2,312 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिसके साथ कुल 61.52 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार, सूर्यगढ़ा में 552, हलसी में 603, बड़हिया में 299, चानन में 186, पिपरिया में 110, लखीसराय प्रखंड में 219 और लखीसराय नगर परिषद क्षेत्र में 343 मतदाताओं ने वोट डाले। इनमें लखीसराय प्रखंड 66.76 प्रतिशत मतदान के साथ शीर्ष पर रहा, जबकि नगर परिषद क्षेत्र में 57.84 प्रतिशत वोट पड़े।
विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने के बाद भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने मतदाताओं के प्रति आभार जताया और एनडीए प्रत्याशी डॉ. एन.के. यादव की एकतरफा जीत को लेकर पूर्ण आश्वस्ति जताई। उन्होंने कहा कि शुरुआती दौर से ही मतदाताओं का रुझान एनडीए के विकास कार्यों और नीतियों के पक्ष में साफ नजर आ रहा है।
विपक्षी खेमे पर कड़ा प्रहार करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कुछ नए राजनीतिक तत्व और दल ओछी राजनीति के जरिए मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने और माहौल बिगाड़ने की साजिश रच रहे हैं। टिकट दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले लोग अब भ्रामक दावों के सहारे राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कोसी क्षेत्र की जागरूक जनता किसी भी प्रलोभन या षड्यंत्र के बहकावे में आने वाली नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव केवल बयानबाजी और मीडिया प्रचार से नहीं, बल्कि मजबूत संगठन, वर्षों के जनसंघर्ष और जनता के भरोसे से जीते जाते हैं। जिलाध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करते हुए शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की। लखीसराय भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी।