कर्मभूमि एक्सप्रेस में अचानक उठीं आग की लपटें, यात्रियों में अफरा-तफरी

  • Post By Admin on Nov 06 2026
कर्मभूमि एक्सप्रेस में अचानक उठीं आग की लपटें, यात्रियों में अफरा-तफरी

पटियाला : पंजाब के पटियाला जिले में शुक्रवार दोपहर अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार जनरल डिब्बों में अचानक आग लग गई। राजपुरा के निकट सराय बंजारा क्षेत्र में हुई इस घटना से ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। डिब्बों से आग की लपटें और धुएं का घना गुबार उठता देख यात्री अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से बाहर निकलने लगे।

जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस फतेहगढ़ साहिब जिले के साधुगढ़ रेलवे स्टेशन से दोपहर करीब 12:58 बजे रवाना हुई थी। इसके कुछ ही देर बाद ट्रेन के जनरल कोच में आग लग गई। देखते ही देखते आग आसपास के अन्य डिब्बों तक फैल गई और कुल चार जनरल कोच इसकी चपेट में आ गए।

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। एहतियात के तौर पर प्रभावित डिब्बों को ट्रेन से अलग कर दिया गया, ताकि आग दूसरे कोच तक न फैले। आपात स्थिति से निपटने के लिए अंबाला से दुर्घटना राहत चिकित्सा ट्रेन भी भेजी गई।

शुरुआती जानकारी में कुछ यात्रियों के घायल होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन बाद में मिली जानकारी के अनुसार सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली। घटना के बाद यात्रियों में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा।

आग लगने के कारणों की जांच

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रेलवे प्रशासन ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच में आग लगने की वजह और उसके फैलने से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। इस घटना के कारण संबंधित रेलखंड पर रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ। कुछ ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने की जानकारी सामने आई है।