जमुई में पीके ने भरी हुंकार, बोले—यह सरकार बनाने का नहीं, सत्ता को जवाबदेह बनाने का चुनाव

  • Post By Admin on Oct 16 2026
जमुई में पीके ने भरी हुंकार, बोले—यह सरकार बनाने का नहीं, सत्ता को जवाबदेह बनाने का चुनाव

जमुई : जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव के मद्देनजर जमुई के न्यू द्वारका विवाह भवन में आयोजित 'प्रबुद्ध स्नातक संवाद' को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी प्रत्याशी डॉ. रजनीश रंजन के पक्ष में स्नातक मतदाताओं से समर्थन देने की अपील की और राज्य सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा।

संवाद कार्यक्रम के दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि स्नातक एमएलसी का यह चुनाव सरकार बनाने या गिराने का नहीं, बल्कि सत्ता को जवाबदेह बनाने का जरिया है। उन्होंने कहा कि जो सरकार शिक्षकों की वाजिब मांगों और बाढ़ पीड़ितों के दर्द को भूल चुकी है, तथा अपराध और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में विफल रही है, उसे आईना दिखाने का यह सही अवसर है। उन्होंने घोषणा की कि कोसी क्षेत्र से डॉ. रजनीश रंजन के जीतने पर यहां के 10 हजार पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर निजी क्षेत्र में नौकरी दिलाना उनकी व्यक्तिगत गारंटी है।

शिक्षकों के 7वें वेतनमान के मुद्दे को उठाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के छह लाख शिक्षकों को एकजुट होकर अपनी आवाज उठानी होगी। अगर शिक्षक एकजुट हो जाएं, तो बिहार के सभी दलों को समाधान निकालने पर मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट संकल्प दोहराया कि जन सुराज सभी श्रेणी के शिक्षकों को आगामी लोकसभा चुनाव से पहले 7वां वेतनमान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और यदि ऐसा नहीं हुआ, तो वे आगे वोट मांगने नहीं आएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले बीस वर्षों से सत्ता में काबिज गठबंधन शिक्षकों की इस मांग को टालता रहा है।

भाजपा नेता सम्राट चौधरी के एक हालिया बयान पर तीखा पलटवार करते हुए प्रशांत किशोर ने इसे सत्ता के अहंकार की पराकाष्ठा करार दिया। उन्होंने कहा कि जिस भगवान राम के हाथों में पूरा संसार और जीवन-मरण है, उनके बारे में यह कहना कि उन्हें मोदी जी ने घर दिलवाया, पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल के इस घमंड के बीच जनता को बुनियादी सुविधाएं, रोजगार और बेहतर शिक्षा नहीं मिल पा रही है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि इस अहंकार पर अंकुश लगाने के लिए एनडीए प्रत्याशियों को चुनाव में मात दें।

इस संवाद कार्यक्रम में जन सुराज के वरिष्ठ नेता सुभाष कुशवाहा, जिलाध्यक्ष रॉबिन सिंह, महिला अध्यक्ष नीलम मेहता, प्रदेश युवा अध्यक्ष सुभाष पासवान, लोकसभा प्रभारी उत्तम सिंह, डॉ. एनडी मिश्रा, जमादार सिंह, अनिल शाह, सत्येंद्र कुशवाहा, कासिम अंसारी, रमाकांत पासवान तथा प्रकाश सिन्हा सहित बड़ी संख्या में स्नातक प्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।