एलएस कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. ए. रहमान के निधन पर शोक सभा, शिक्षकों और कर्मियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
- Post By Admin on Oct 07 2026
मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह कॉलेज में पूर्व प्राचार्य, मनोविज्ञान के प्रख्यात विद्वान एवं लेखक डॉ. ए. रहमान के निधन पर एक शोक सभा का आयोजन किया गया। कॉलेज परिसर में आयोजित इस सभा में शिक्षकों, गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों और गणमान्य व्यक्तियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा की अध्यक्षता करते हुए वर्तमान प्राचार्य प्रो. कनुप्रिया ने डॉ. रहमान के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका निधन कॉलेज के गौरवशाली इतिहास से एक अत्यंत उज्ज्वल अध्याय का मौन विदा होना है। उन्होंने कहा कि डॉ. रहमान एक कुशल प्रशासक, गहन चिंतक और मनोविज्ञान के सच्चे साधक थे, जिन्होंने न केवल संस्था को नई दिशा दी, बल्कि अनगिनत छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के जीवन में ज्ञान की ज्योति भी जलाई। उनका व्यक्तित्व सादगी, अगाध विद्वत्ता और प्रशासनिक दूरदर्शिता का अनुपम संगम था, जिसकी प्रेरणा सदैव कॉलेज परिवार के लिए एक आदर्श बनी रहेगी।
कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग के प्राध्यापकों डॉ. ऋतुराज कुमार, डॉ. अर्चना ठाकुर और डॉ. राजेश अनुपम ने भी अपने संबोधन में डॉ. रहमान के शोध कार्यों, अकादमिक लेखन और प्रशासनिक निर्णयों की विस्तृत चर्चा की। वक्ताओं ने विभाग और महाविद्यालय की शैक्षणिक प्रतिष्ठा को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में उनके अमूल्य योगदान को रेखांकित किया।
शोक सभा के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उन्हें नमन किया। इस अवसर पर प्रो. एस.आर. चतुर्वेदी, प्रो. विजय कुमार, प्रो. पुष्पा कुमारी, प्रो. पंकज कुमार, डॉ. शशिकांत पाण्डेय, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. आनंद कुमार सिंह, गुरु प्रसाद कश्यप और सुजीत कुमार सहित कॉलेज के कई शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।