जेनिथ सोशल फाउंडेशन ने आयोजित की दौड़ प्रतियोगिता, उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मिला सम्मान
- Post By Admin on Sep 27 2026
जमुई : सोनो प्रखंड के बटिया स्थित खेल मैदान में जेनिथ सोशल फाउंडेशन की ओर से रनिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों और युवा खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और दौड़ प्रतियोगिता में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीण क्षेत्र से पहुंचे बच्चों और युवा प्रतिभागियों ने अलग-अलग स्तर पर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना और उन्हें प्रतियोगिताओं के माध्यम से बेहतर मंच उपलब्ध कराना बताया गया। कार्यक्रम में जेनिथ सोशल फाउंडेशन के जमुई जिला महासचिव पियुष बरनवाल, उपाध्यक्ष एवं राज्यस्तरीय धावक किशोर हेंब्रम, सचिव दीपक यादव, प्रखंड अध्यक्ष सुनील कुमार, प्रखंड उपाध्यक्ष गोरेलाल गुप्ता, बजरंगी कुमार, राजु कुमार और सत्यम कुमार गोलू समेत संस्था के अन्य सदस्य, शिक्षक एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के समापन पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। विजेता और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेडल, ट्रॉफी, नकद पुरस्कार, कलम और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। आयोजन में सहयोग करने वाले अतिथियों और शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों और युवाओं के बीच खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें उचित अवसर, मार्गदर्शन और अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराने की है। इस तरह की प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्थानीय स्तर पर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने और उन्हें आगे की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।
जेनिथ सोशल फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि संस्था ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में खेल गतिविधियों के साथ शिक्षा एवं स्वास्थ्य जागरूकता, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन को लेकर लगातार काम कर रही है। संस्था का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।आयोजकों के अनुसार, फाउंडेशन की ओर से आयोजित इन गतिविधियों का संचालन संस्था के संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी मो. जाबीर अंसारी के दिशा-निर्देश और देखरेख में किया जा रहा है।