दहेज हत्या मामले में भोजपुर एसपी को बिहार मानवाधिकार आयोग का नोटिस

  • Post By Admin on Nov 07 2026
दहेज हत्या मामले में भोजपुर एसपी को बिहार मानवाधिकार आयोग का नोटिस

मुजफ्फरपुर: भोजपुर जिले के चर्चित दहेज हत्या मामले में बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग ने भोजपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को नोटिस जारी कर आठ सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है। यह कार्रवाई बक्सर निवासी रेणु देवी की हत्या के मामले में उनके परिजनों की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई के बाद की गई है। परिजनों ने पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी।

परिजनों के अनुसार, रेणु देवी की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के तेघरा ग्राम, वार्ड संख्या-1 निवासी छोटक तुरहा के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही रेणु को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि बीते 15 मई को ससुराल पक्ष के लोगों ने रेणु को गायब कर दिया। इसकी सूचना तत्काल बिहिया थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने बिहिया थाना कांड संख्या 160/26 दर्ज किया।

परिजनों का आरोप है कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण 17 मई को रेणु की हत्या कर दी गई। उन्होंने मामले में पुलिस की भूमिका और अब तक की जांच पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। हालांकि, ये आरोप परिजनों की ओर से लगाए गए हैं, जिनकी जांच और पुष्टि संबंधित जांच एजेंसियों के स्तर पर होनी बाकी है। न्याय की मांग को लेकर परिजनों ने मुजफ्फरपुर के मानवाधिकार अधिवक्ता एस.के. झा के माध्यम से बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में अलग-अलग याचिकाएं दायर की थीं। याचिका में मामले की वास्तविकता सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई थी।

याचिका पर सुनवाई करते हुए बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग ने भोजपुर एसपी को नोटिस जारी किया है और आठ सप्ताह के भीतर जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 8 फरवरी को निर्धारित बताई गई है। मानवाधिकार अधिवक्ता एस.के. झा ने आयोग की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि नोटिस जारी होने से मामले में पुलिस की जवाबदेही तय करने और निष्पक्ष जांच की दिशा में दबाव बनेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आयोग की पहल से मामले की वास्तविकता सामने आएगी और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सकेगा।