लखीसराय में बैंकिंग योजनाओं की समीक्षा, PNB समेत छह बैंकों को सुधार के निर्देश

  • Post By Admin on Sep 23 2026
लखीसराय में बैंकिंग योजनाओं की समीक्षा, PNB समेत छह बैंकों को सुधार के निर्देश

लखीसराय : जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला परामर्शदात्री समिति (डीसीसी-बैंकिंग) सह जिला स्तरीय समीक्षा समिति (डीएलआरसी) की बैठक हुई। बैठक में जिले में संचालित बैंकिंग सेवाओं, ऋण वितरण, जमा-ऋण अनुपात (सीडी रेशियो), ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार और विभिन्न बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान विभिन्न बैंकों के प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने सेंट्रल बैंक, यूको बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और बैंक ऑफ महाराष्ट्र के अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन पर आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित बैंक अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए बैंकिंग सेवाओं और विभिन्न योजनाओं की प्रगति में सुधार सुनिश्चित करने को कहा। पंजाब नेशनल बैंक के कार्यों की विशेष रूप से दैनिक आधार पर मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि बैंकिंग योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए। निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करते हुए जहां आवश्यकता हो, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।

बैठक में बैंकिंग शाखा के कार्यों के प्रभावी अनुश्रवण के लिए वरीय कोषागार पदाधिकारी अखिलेश कुमार को प्रभार दिए जाने की जानकारी दी गई। संबंधित अधिकारी के बैठक में स्वयं उपस्थित नहीं रहने और किसी प्रतिनिधि को भी नहीं भेजे जाने पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने सेंट्रल बैंक और यूको बैंक के जमा-ऋण अनुपात में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए नए बैंक शाखा खोलने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। बैठक में कहा गया कि बैंक की ओर से भवन उपलब्ध कराए जाने पर शाखा खोलने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

बैठक में बैंक अधिकारियों को ग्रामीण एवं वंचित क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार करने तथा आम लोगों को ऋण सहित अन्य बैंकिंग सुविधाओं का समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।