पॉलिटेक्निक कॉलेज में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित
- Post By Admin on Jul 29 2026
लखीसराय: महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान में मंगलवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, लखीसराय में इंडक्शन कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों की सुरक्षा, संरक्षण और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर.के. रंजन ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं परिचय कराते हुए की। उन्होंने छात्र-छात्राओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने की अपील की। जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने बताया कि महिलाओं और किशोरियों की सुरक्षा, संरक्षण एवं सशक्तिकरण के लिए मिशन शक्ति संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए सखी वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन-181 और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं। वहीं सशक्तिकरण के लिए प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, जिला हब, शक्ति सदन, सखी निवास और पालन जैसी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है।
महिला एवं बाल विकास निगम के जिला परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार सिन्हा ने मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत पालनाघर, सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना, सामाजिक पुनर्वास कोष एवं कौशल विकास केंद्र जैसी योजनाओं का संचालन पूरे बिहार में किया जा रहा है, जिससे महिलाओं और किशोरियों के सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विकास को बढ़ावा मिल रहा है।
लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाल विवाह केवल सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि कानूनन दंडनीय अपराध है। उन्होंने बताया कि बाल विवाह में दोषी पाए जाने पर दो वर्ष तक की सजा, एक लाख रुपये तक का जुर्माना या दोनों का प्रावधान है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से बाल विवाह रोकने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकथाम की सामूहिक शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर व्याख्याता सूरज कुमार, योग गुरु ज्वाला जी, हर्ष कुमार, आंचल, तनु, नेहा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, कर्मचारी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। अंत में प्राचार्य डॉ. आर.के. रंजन ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया।