लखीसराय में मतदाता जागरूकता अभियान आयोजित
- Post By Admin on Jul 29 2026
लखीसराय: भारत निर्वाचन आयोग एवं निर्वाचन विभाग, बिहार के निर्देशानुसार लखीसराय जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के विद्यालयों और महाविद्यालयों में स्थापित निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के माध्यम से 24 जुलाई से 29 जुलाई तक निर्वाचन साक्षरता एवं मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को केआरके उच्च विद्यालय, लखीसराय में विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों तथा निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों, भारत निर्वाचन आयोग की भूमिका, मतदाता सूची के निर्माण एवं अद्यतन, मतदान प्रक्रिया, विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर), निर्वाचन पंजीकरण, ईवीएम एवं वीवीपैट के संचालन, मतदान और मतगणना प्रक्रिया सहित निर्वाचन से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अलावा वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, निबंध लेखन, पोस्टर प्रतियोगिता तथा अन्य सहभागितापूर्ण गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास किया गया। विद्यालय स्तर पर निर्वाचन पंजीकरण, मतदान और मतगणना प्रक्रिया से संबंधित डेमो का भी आयोजन किया गया, ताकि छात्र चुनावी प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप से समझ सकें। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों, विशेषकर युवा मतदाताओं से अपील की है कि वे ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।