मुजफ्फरपुर: हिंदूवादी नेता वैभव मिश्रा के खिलाफ काजी मोहम्मदपुर थाना कांड संख्या 301/2026 से जुड़े मामले को न्यायालय द्वारा खारिज किए जाने के बाद विश्व सनातन सेना ने खुशी जाहिर की। रविवार, 8 नवंबर 2026 को संगठन ने शहर के विभिन्न संगठनों और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बाबा गरीबनाथ मंदिर में आभार वंदन किया। इसके बाद मंदिर के सामने आतिशबाजी की गई और 11 किलो लड्डू का वितरण किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व विश्व सनातन सेना के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने किया। इस दौरान संगठन के सदस्यों ने न्यायालय के फैसले को न्याय की जीत बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर अनिल कुमार ने आरोप लगाया कि विधान परिषद सदस्य बंशीधर बृजवासी की ओर से वैभव मिश्रा के खिलाफ दर्ज कराया गया मुकदमा राजनीतिक और चुनावी ध्रुवीकरण के उद्देश्य से किया गया था। उन्होंने दावा किया कि वैभव मिश्रा द्वारा 150 से अधिक लोगों की घर वापसी कराए जाने की गतिविधियां उनके विरोधियों को खटक रही थीं। अनिल कुमार ने कहा कि न्यायालय द्वारा मामला खारिज किए जाने से संगठन के कार्यकर्ताओं में खुशी है। उन्होंने दीपावली के अवसर पर इसे बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक बताया और बाबा गरीबनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मानव, सुधांशु, कुणाल, विक्की, राहुल, प्रकाश, सुमित, शिवम, मनीष, रवि और जगदीश सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















