भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में गुरु पूर्णिमा समारोह के साथ पर्यावरण जागरूकता अभियान आयोजित

  • Post By Admin on Jul 29 2026
भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में गुरु पूर्णिमा समारोह के साथ पर्यावरण जागरूकता अभियान आयोजित

मुजफ्फरपुर : भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, सदातपुर में बुधवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में गुरु पूर्णिमा एवं “प्लास्टिक मुक्त परिसर अभियान” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विवेकानंद सभागार में एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी श्री रामजी यादव के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में बी.एड. प्रथम वर्ष (सत्र 2026–2028) तथा बी.एड. द्वितीय वर्ष के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शुभारंभ महर्षि वेदव्यास के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों ने गुरु परंपरा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए अपने गुरुजनों का सम्मान किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार पाल ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है। उन्होंने कहा कि गुरु ही व्यक्ति के जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं तथा ज्ञान, संस्कार और चरित्र निर्माण की आधारशिला रखते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान, अनुशासन, सेवा-भाव और पर्यावरण संरक्षण को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।

एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी श्री रामजी यादव ने प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि एकल-उपयोग प्लास्टिक पर्यावरण, मानव स्वास्थ्य और जैव विविधता के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। उन्होंने स्वयंसेवकों से सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करने तथा समाज में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेवकों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने महाविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य करने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। समारोह का समापन सामूहिक रूप से “वंदे मातरम्” के गायन के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, विभागाध्यक्ष, शिक्षकेत्तर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।