मंदिर पुनर्निर्माण के संकल्प के साथ शिवभक्त रवि कुमार निकालेंगे दंड यात्रा, गरीबनाथ में करेंगे जलाभिषेक
- Post By Admin on Jul 27 2026
मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर जंक्शन परिसर स्थित शिव परिवार मंदिर एवं पंचमुखी हनुमान मंदिर के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर एक शिवभक्त ने अनूठा संकल्प लिया है। सोमवार को समाहरणालय परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में शिवभक्त रवि कुमार ने घोषणा की कि वे सावन माह में सोनपुर के पहलेजा घाट से दंड यात्रा करते हुए बाबा गरीबनाथ धाम पहुंचेंगे और भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
रवि कुमार ने कहा कि यह दंड यात्रा मंदिर के पुनर्निर्माण की कामना और धार्मिक आस्था के प्रतीक के रूप में निकाली जा रही है। उन्होंने बताया कि यात्रा की शुरुआत मंगलवार को सुबह 11 बजे बाबा गरीबनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद होगी।
प्रेस वार्ता में मंदिर आंदोलन से जुड़े अनिल कुमार ने कहा कि हिंदू धर्म के इतिहास में संभवतः पहली बार किसी शिवभक्त ने प्रशासन द्वारा ध्वस्त किए गए मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए दंड यात्रा का संकल्प लिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल बाबा गरीबनाथ धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और हजारों सेवादारों को अपने धार्मिक स्थलों के संरक्षण के लिए जागरूक और प्रेरित करेगी। उन्होंने सभी शिवभक्तों से अपील की कि वे यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचकर रवि कुमार का उत्साहवर्धन करें और यात्रा की सफलता के लिए अपना सहयोग व शुभकामनाएं दें।