ऑपरेशन यात्री सुरक्षा: किऊल स्टेशन पर चोरी का मोबाइल और चाकू के साथ युवक गिरफ्तार
- Post By Admin on Jul 27 2026
लखीसराय : पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल अंतर्गत जीआरपी किऊल ने 'ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' के तहत कार्रवाई करते हुए एक युवक को चोरी के मोबाइल और चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को निरीक्षक प्रभारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में जीआरपी की टीम किऊल स्टेशन परिसर में यात्रियों के सामान की चोरी की रोकथाम के लिए सघन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर खड़ी किऊल-गया मेमू ट्रेन में एक युवक संदिग्ध अवस्था में मिला। पूछताछ के दौरान वह अपनी मौजूदगी का संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और न ही कोई वैध यात्रा टिकट दिखा पाया।
जामातलाशी के दौरान युवक के पास से एक रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन और एक चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि मोबाइल उसने ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री से चोरी किया था। इसके बाद पुलिस ने मौके पर जब्ती सूची तैयार कर मोबाइल और चाकू जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान विजय मांझी (20), पिता योगेंद्र मांझी, निवासी बारों बाजार, थाना बरौनी, जिला बेगूसराय के रूप में हुई है।
कार्रवाई के बाद मोबाइल के मालिक प्रदीप कुमार नोनिया, निवासी पंचगछिया, थाना आसनसोल नॉर्थ, जिला पश्चिमी वर्धमान, जीआरपी किऊल पहुंचे और बरामद मोबाइल की पहचान की। पीड़ित के लिखित आवेदन के आधार पर जीआरपी किऊल थाना में कांड संख्या 112/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) एवं 317(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।