30 जिलों के खिलाड़ी मुजफ्फरपुर में दिखाएंगे दम, 6 अगस्त से टेबल टेनिस का महाकुंभ
- Post By Admin on Jul 27 2026
मुजफ्फरपुर : बिहार में टेबल टेनिस प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुजफ्फरपुर में पहली मेजर बिहार स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया जाएगा। चार दिवसीय यह प्रतियोगिता 6 से 9 अगस्त तक पंडित जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम, सिकंदरपुर में आयोजित होगी, जिसमें राज्य के लगभग 30 जिलों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
मुजफ्फरपुर जिला टेबल टेनिस संघ की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के ठहरने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं। आयोजन का उद्देश्य राज्य के उभरते खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराना और टेबल टेनिस को नई पहचान देना है। संघ के अध्यक्ष अविनाश साहू ने प्रेस वार्ता में बताया कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से बिहार के खिलाड़ियों को अपनी रैंकिंग सुधारने और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर अवसर मिलेगा।
बैठक में संघ के सचिव पंकज भसीन, कोषाध्यक्ष प्रभात जालान, चंद्रमोहन खन्ना, संयुक्त सचिव राज कुमार, कोच राजीव कुमार तथा वरिष्ठ खिलाड़ी आदित्य, नैन्सी सहित अन्य खिलाड़ी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी ने अपनी जिम्मेदारियों की समीक्षा करते हुए तैयारियों को अंतिम रूप दिया।