लखीसराय में बाघ संरक्षण का संकल्प
- Post By Admin on Jul 29 2026
लखीसराय: अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस-2026 के अवसर पर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बिहार के तत्वावधान में मंगलवार को नाथ पब्लिक स्कूल, लखीसराय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बाघ संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान छात्रों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के साथ-साथ बाघों और वनों की सुरक्षा का सामूहिक संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत वन विभाग के रेंजर उत्तम कुमार शर्मा के संबोधन से हुई। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाघ जंगलों के शीर्ष शिकारी हैं और उनकी उपस्थिति स्वस्थ वन पारिस्थितिकी तंत्र का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बाघों का संरक्षण केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही इसे सफल बनाया जा सकता है। इस अवसर पर वनपाल कुमोद कुमार तथा वनरक्षी अमृता, रौशन और अक्षय ने विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और जैव विविधता के महत्व की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्रों से प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के बीच क्विज प्रतियोगिता, निबंध लेखन, चित्रकला प्रतियोगिता और पौधारोपण का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
क्विज प्रतियोगिता में अर्णव ने प्रथम तथा दिव्यानी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में निधि प्रथम, अदिति द्वितीय और श्रुति तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में सिद्धांत ने प्रथम, सृष्टि ने द्वितीय तथा आरूष ने तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक नाथ अमिताभ, विद्यासागर, सुनील एवं बिंदु सहित अन्य शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के प्रति सदैव जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
अंत में सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और उपस्थित अधिकारियों ने बाघों एवं अन्य वन्यजीवों की सुरक्षा, वनों के संरक्षण तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की सामूहिक शपथ लेते हुए प्रकृति संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।