सिमरिया से अशोकधाम तक धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हुए विजय कुमार सिन्हा, शिवभक्तों को दी शुभकामनाएं

  • Post By Admin on Jul 29 2026
सिमरिया से अशोकधाम तक धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हुए विजय कुमार सिन्हा, शिवभक्तों को दी शुभकामनाएं

लखीसराय: गुरु पूर्णिमा, श्रावण मास और चातुर्मास के पावन अवसर पर बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेते हुए सिमरिया धाम और लखीसराय स्थित अशोकधाम में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने कांवरिया सेवा शिविर का शुभारंभ भी किया तथा श्रावणी यात्रा पर निकले शिवभक्तों का स्वागत करते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।

मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अपने धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत सिमरिया धाम से की, जहां उन्होंने उत्तरवाहिनी मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। इसके बाद मां गंगा, मां दुर्गा और मां काली की विधिवत पूजा-अर्चना कर साधु-संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके उपरांत वे लखीसराय पहुंचे और इन्द्रदमनेश्वर महादेव मंदिर, अशोकधाम में भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। इसी अवसर पर उन्होंने कांवरिया सेवा शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने सिमरिया धाम, अशोकधाम और बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा पर निकले श्रद्धालु शिवभक्तों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए भगवान भोलेनाथ से उनकी यात्रा के सुरक्षित, सफल और मंगलमय होने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति में श्रद्धा, ज्ञान और कृतज्ञता का महापर्व है। उन्होंने कहा कि गुरु अपने ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से समाज तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि उनके आशीर्वाद और प्रेरणा से ही जीवन में सत्य, सेवा और सदाचार के मार्ग पर आगे बढ़ने की शक्ति मिलती है। उन्होंने प्रदेशवासियों और शिवभक्तों को पावन श्रावण मास की शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और कल्याण की कामना की। धार्मिक कार्यक्रमों के बाद मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अतिथि गृह में अल्प विश्राम किया और इसके पश्चात पटना के लिए प्रस्थान कर गए।