अशोकधाम में श्रावणी मेला को लेकर हाई अलर्ट, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
- Post By Admin on Jul 29 2026
लखीसराय: श्रावणी मेला-2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को अशोकधाम मंदिर परिसर में जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार एवं पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान सभी अधिकारी पूरी संवेदनशीलता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को समय पर अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचने, नियंत्रण कक्ष से लगातार संपर्क बनाए रखने और किसी भी घटना की सूचना तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों को चेकलिस्ट बनाकर कार्य करने की सलाह देते हुए कहा कि इससे सभी व्यवस्थाएं समय पर और व्यवस्थित तरीके से पूरी होती हैं।
पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने विधि-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को श्रद्धालुओं के साथ शालीन और सहयोगपूर्ण व्यवहार करने का निर्देश दिया। साथ ही असामाजिक तत्वों, अफवाह फैलाने वालों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा। रेलवे स्टेशन, बस पड़ाव, मंदिर परिसर, पार्किंग स्थल और कांवरिया पथ पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए। अपर समाहर्ता नीरज कुमार ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया। वहीं उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने गर्भगृह सहित मेला क्षेत्र के सभी महत्वपूर्ण स्थलों पर लगातार निगरानी रखने और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सावन माह के प्रत्येक रविवार की रात से ही सोमवारी जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, इसलिए प्रभावी क्राउड मैनेजमेंट सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।
अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार ने क्षेत्रवार प्रतिनियुक्ति, नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की रूपरेखा से अधिकारियों को अवगत कराया। बैठक में स्वास्थ्य विभाग को 24 घंटे चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, नगर परिषद को नियमित साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल और कचरा निष्पादन की व्यवस्था बनाए रखने, विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति, अग्निशमन विभाग को किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रहने तथा परिवहन विभाग को सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को संयुक्त आदेश का अक्षरशः पालन करते हुए समन्वित रूप से कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि श्रावणी मेला-2026 शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो तथा श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित दर्शन की बेहतर सुविधा मिल सके।