लीची थीम पर बने अनोखे वैक्स गिफ्ट, मोम कला से सजेगी मुजफ्फरपुर की पहचान

  • Post By Admin on Jul 31 2026
लीची थीम पर बने अनोखे वैक्स गिफ्ट, मोम कला से सजेगी मुजफ्फरपुर की पहचान

मुजफ्फरपुर: लीचीपुरम सांस्कृतिक पुनर्जागरण अभियान के तहत अब मुजफ्फरपुर की पहचान रहे लीची को मोम कला (वैक्स आर्ट) के माध्यम से नया स्वरूप दिया जा रहा है। अभियान के संस्थापक एवं पर्यावरणविद् सुरेश गुप्ता की प्रेरणा से वैक्स आर्टिस्ट मानसी श्रीवास्तव, सैम और ज्योति श्रीवास्तव ने लीची की आकृति पर आधारित कई आकर्षक और उपयोगी वैक्स उत्पाद तैयार किए हैं।

तैयार किए गए उत्पादों में लीची पॉट, बीयर ड्रिंक कप, टी कप, बास्केट, पॉजिटिव वाइब कैंडल तथा वार्डरोब में कपड़ों के बीच रखने के लिए सुगंधित वैक्स ब्रिक्स शामिल हैं। इन उत्पादों का उद्देश्य केवल सजावटी या उपहार सामग्री तैयार करना नहीं, बल्कि स्थानीय कला, पर्यावरण संरक्षण और मुजफ्फरपुर की सांस्कृतिक पहचान को नई पहचान देना भी है। सुरेश गुप्ता ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में लीची के पेड़ों की लगातार कटाई से पर्यावरण, स्थानीय रोजगार और शहर की सांस्कृतिक पहचान पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। इसी चिंता को देखते हुए लीचीपुरम सांस्कृतिक पुनर्जागरण अभियान की शुरुआत की गई, जिसके तहत लीची को केवल एक फल नहीं, बल्कि सांस्कृतिक विरासत और रचनात्मक प्रेरणा के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत अब तक कपड़ों, कैनवस, अनुपयोगी लीची की लकड़ी, मेहंदी, लहठी, छाते, क्रोशिया बुनाई, सुजनी, चिकनकारी, पेड़ा सहित विभिन्न हस्तशिल्पों में लीचीपुरम आर्ट विकसित की जा चुकी है। अब वैक्स आर्ट को भी इससे जोड़कर स्थानीय कलाकारों के लिए नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। सुरेश गुप्ता ने कहा कि भविष्य में वैक्स आर्ट के माध्यम से मानव आकृतियां और अन्य कलात्मक उत्पाद भी तैयार करने की योजना है। "लोकल प्राइड, ग्लोबल राइड" की अवधारणा पर आधारित यह अभियान स्थानीय प्रतिभाओं को वैश्विक मंच दिलाने के साथ-साथ लोगों तक "मीठा मुस्कुराइए" का संदेश भी पहुंचा रहा है।