बीआरएबीयू में प्रशासनिक बदलाव, प्रो. संजय कुमार इलेक्ट्रॉनिक्स विभागाध्यक्ष पद से मुक्त

  • Post By Admin on Jul 31 2026
बीआरएबीयू में प्रशासनिक बदलाव, प्रो. संजय कुमार इलेक्ट्रॉनिक्स विभागाध्यक्ष पद से मुक्त

मुजफ्फरपुर : बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू), मुजफ्फरपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग को लेकर महत्वपूर्ण प्रशासनिक आदेश जारी किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रो. (डॉ.) संजय कुमार को स्नातकोत्तर इलेक्ट्रॉनिक्स विभागाध्यक्ष के प्रभार से मुक्त कर दिया है।

कुलपति प्रो. दिनेश चन्द्र राय की स्वीकृति के बाद जारी अधिसूचना में कहा गया है कि प्रो. संजय कुमार, जो विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग से संबद्ध हैं, इलेक्ट्रॉनिक्स विभागाध्यक्ष के रूप में अपना तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं। कार्यकाल पूर्ण होने के बाद उन्हें इस अतिरिक्त प्रशासनिक दायित्व से मुक्त किया गया है।

आदेश के अनुसार यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा। अधिसूचना विश्वविद्यालय के कुलसचिव कार्यालय से जारी की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस संबंध में आदेश की प्रतिलिपि सभी विभागाध्यक्षों, डीन, अंगीभूत महाविद्यालयों के प्राचार्यों, विश्वविद्यालय अधिकारियों, अनुभाग पदाधिकारियों तथा आईटी सेल को भेज दी है। साथ ही आदेश को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड करने का निर्देश भी दिया गया है। राजभवन सचिवालय, शिक्षा विभाग और उच्च शिक्षा निदेशालय को भी इसकी सूचना प्रेषित की गई है।

प्रो. संजय कुमार ने इलेक्ट्रॉनिक्स विभागाध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान विभागीय शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विश्वविद्यालय के इस निर्णय को नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है। गौरतलब है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए नई व्यवस्था भी लागू कर दी है, जिसके तहत विभाग की जिम्मेदारियां पुनर्गठित की गई हैं।