बीएड परिणाम में देरी पर छात्रों का प्रदर्शन, TRE-4 से पहले रिजल्ट जारी करने की मांग

  • Post By Admin on Jul 31 2026
बीएड परिणाम में देरी पर छात्रों का प्रदर्शन, TRE-4 से पहले रिजल्ट जारी करने की मांग

मुजफ्फरपुर: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के बीएड सत्र 2024–26 के परीक्षा परिणाम में हो रही देरी को लेकर शुक्रवार को छात्रों ने विश्वविद्यालय मुख्यालय में प्रदर्शन किया। छात्रों ने परीक्षा नियंत्रक कार्यालय और कुलपति आवास के बाहर प्रदर्शन कर जल्द परिणाम घोषित करने की मांग की।

छात्रों का कहना है कि बीएड सत्र 2024–26 की परीक्षा हुए लगभग दो महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक परिणाम घोषित नहीं किया गया है। वहीं अन्य विश्वविद्यालय इस सत्र की परीक्षा लेकर परिणाम भी जारी कर चुके हैं। छात्रों ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली काफी धीमी हो गई है। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों से बातचीत की। छात्रों के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि अभी तक उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन भी शुरू नहीं हुआ है। जब छात्रों ने देरी का कारण पूछा तो अधिकारियों ने आपसी मतभेद को इस स्थिति की वजह बताया।बाद में परीक्षा नियंत्रक एवं छात्र कल्याण पदाधिकारी ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से वार्ता की। उन्होंने स्वीकार किया कि प्रक्रिया में विलंब हुआ है, लेकिन जल्द से जल्द मूल्यांकन पूरा कर परिणाम प्रकाशित करने का हरसंभव प्रयास किए जाने का आश्वासन दिया।

छात्र नेता अभिनव राज ने कहा कि यदि समय पर परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किया गया तो बीएड सत्र 2024–26 के छात्र आगामी TRE-4 भर्ती प्रक्रिया में आवेदन करने से वंचित हो सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द परिणाम जारी नहीं किया गया तो छात्र अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे। प्रदर्शन में चंदन, अभिमन्यु, अमरेंद्र, पूजा, आदिति, कोमल, अमन, अभिषेक समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे।