लखीसराय : जिले के बड़हिया प्रखंड मुख्यालय उच्च विद्यालय परिसर में आगामी 27 और 28 फरवरी को दो दिवसीय किसान मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस मेला का आयोजन कृषि विभाग से संबंधित कृषि प्रबोधिकी प्रबंध अभिकरण समिति (आत्मा) द्वारा किया जा रहा है।
इस आयोजन की जानकारी देते हुए जिला कृषि पदाधिकारी सह आत्मा के परियोजना निदेशक सुबोध कुमार सुधांशु ने बताया कि इस प्रदर्शनी सह मेला का उद्देश्य किसानों को कृषि से संबंधित नई तकनीकों और उत्पादों से परिचित कराना है, जिससे वे अपनी खेती में सुधार कर सकें और आर्थिक दृष्टि से मजबूत हो सकें।
कार्यक्रम का उद्घाटन सूबे के उपमुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक विजय कुमार सिन्हा द्वारा किया जाएगा। इस मेले में कृषि से जुड़े विभिन्न प्रदर्शनी, कृषि यंत्रों, बीजों और उर्वरकों की प्रदर्शनी के साथ-साथ कृषि सुधार और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।
यह मेला जिले के किसानों के लिए एक बेहतरीन अवसर साबित हो सकता है, जहाँ वे कृषि के नवीनतम उपायों और तकनीकों को समझ सकते हैं और अपनी खेती में सुधार के लिए आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।




















