डिग्री कॉलेज में पौधारोपण अभियान, एनएसएस ने दिया हरियाली का संदेश

  • Post By Admin on Jul 30 2026
डिग्री कॉलेज में पौधारोपण अभियान, एनएसएस ने दिया हरियाली का संदेश

मुजफ्फरपुर: राजकीय डिग्री महाविद्यालय, मधुबन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में प्राचार्य प्रो. ब्रह्मचारी व्यास नन्दन शास्त्री के नेतृत्व में पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महाविद्यालय परिसर का सौंदर्यीकरण करने के साथ-साथ छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।

इस अवसर पर परिसर में मोरपंखी, अरेका पाम, आर्केरिया, पेट्रा बेंगलॉरी, क्रोटन पेट्रा, अड़हुल, रजनीगंधा, फाइकस बेंजामिना, क्रिसमस ट्री सहित विभिन्न प्रजातियों के दर्जनों ऑक्सीजन प्रदान करने वाले पौधे लगाए गए। प्राचार्य प्रो. ब्रह्मचारी व्यास नन्दन शास्त्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का विस्तार प्राणी मात्र के जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण से न केवल वातावरण शुद्ध होता है, बल्कि महाविद्यालय परिसर की सुंदरता भी बढ़ती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़कर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए नियमित रूप से कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रभारी कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रवि भारती, डॉ. राकेश कुमार राम, डॉ. विजयन्त कुमार मिश्रा एवं डॉ. संदीप कुमार सुमन सहित शिक्षकेत्तर कर्मियों और छात्र-छात्राओं ने परिसर की साफ-सफाई की तथा सामूहिक रूप से पौधारोपण कर हरित परिसर बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने पौधों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।