कॉनप्लेक्स सिनेमाज का खगौल में शुभारंभ, मंत्री ने दी शहरवासियों को बधाई
- Post By Admin on Jul 30 2026
पटना: खगौल के लोगों को आधुनिक मनोरंजन की नई सौगात मिली है। कॉनप्लेक्स सिनेमाज ने खगौल में अपने नए स्मार्ट-फॉर्मेट मल्टीप्लेक्स का शुभारंभ किया। बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर मल्टीप्लेक्स का उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा खान, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, कॉनप्लेक्स सिनेमाज के प्रबंध निदेशक चंदन कुमार एवं रोहित कुमार सपन सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने इसे खगौल और आसपास के क्षेत्रों में आधुनिक मनोरंजन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और आधुनिक मनोरंजन सुविधाओं का विस्तार भी इसी विकास यात्रा का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की परियोजनाएं लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ाती हैं तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देती हैं। कॉनप्लेक्स सिनेमाज के प्रबंध निदेशक चंदन कुमार एवं रोहित कुमार सपन ने बताया कि खगौल में शुरू हुआ यह मल्टीप्लेक्स बिहार में कंपनी का 13वां और पटना का छठा सिनेमा है। उन्होंने कहा कि कंपनी का उद्देश्य उभरते शहरों और कस्बों में विश्वस्तरीय सिनेमा अनुभव उपलब्ध कराना है तथा आने वाले समय में बिहार के अन्य शहरों में भी विस्तार किया जाएगा।
नए मल्टीप्लेक्स में तीन अत्याधुनिक स्क्रीन बनाई गई हैं, जिनमें कुल 150 दर्शकों के बैठने की क्षमता है। दर्शकों के लिए कपल लाउंजर, सोफा लाउंजर और प्रीमियम सीटिंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा 2K प्रोजेक्शन, 3D तकनीक और डॉल्बी 7.1 सराउंड साउंड जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे दर्शकों को उच्च गुणवत्ता का ऑडियो-विजुअल अनुभव मिलेगा। मल्टीप्लेक्स में स्नैक्स और पेय पदार्थों की भी विशेष व्यवस्था की गई है।