डीसीएचबी प्रशिक्षण के दूसरे दिन जनगणना कार्य की बारीकियों से रूबरू हुए प्रशिक्षणार्थी
- Post By Admin on Jul 17 2026
लखीसराय : भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (डीसीएचबी) तैयार करने से संबंधित द्वितीय बैच के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरा दिन शुक्रवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण सत्र में विभिन्न प्रखंडों के प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लेकर जनगणना कार्य से जुड़े तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता नीरज कुमार ने जनगणना कार्य की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के लिए सभी आंकड़ों का संकलन पूरी सावधानी, सटीकता और पारदर्शिता के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक क्षेत्र से प्राप्त जानकारी तथ्यपरक, स्पष्ट और त्रुटिरहित हो, ताकि जनगणना रिपोर्ट की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
इस दौरान जनगणना निदेशालय, बिहार, पटना से निरीक्षण के लिए पहुंचे सहायक निदेशक विकास सिंह का योजना पदाधिकारी-सह-अपर जिला जनगणना अधिकारी ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। विकास सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों को डेटा संकलन की तकनीकी प्रक्रियाओं, आवश्यक सावधानियों और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण की आधारभूत प्रक्रिया है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि की कोई गुंजाइश नहीं है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में पिपरिया, लखीसराय सदर और सूर्यगढ़ा चार्ज के प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। प्रशिक्षणार्थियों की उपस्थिति संतोषजनक रही और उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान सक्रिय सहभागिता दिखाई। सत्र में विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी राम विनोद प्रसाद यादव, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी पिंटू कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।