ईशांत को न्याय दिलाने के लिए पप्पू यादव की जन आक्रोश सभा, सरकार और पुलिस पर साधा निशाना

  • Post By Admin on Jul 17 2026
ईशांत को न्याय दिलाने के लिए पप्पू यादव की जन आक्रोश सभा, सरकार और पुलिस पर साधा निशाना

समस्तीपुर: पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने समस्तीपुर के क्रांति मैदान, काँचा में आयोजित जन आक्रोश सभा को संबोधित करते हुए ईशांत को न्याय दिलाने के लिए व्यापक जन आंदोलन चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि न्याय की इस लड़ाई में समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी।

सभा को संबोधित करते हुए पप्पू यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि पुलिस समय रहते सजगता और ईमानदारी से कार्रवाई करती, तो कई निर्दोष लोगों की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में नीट अभ्यर्थी, भरत तिवारी, बंटी यादव और मासूम ईशांत जैसे मामलों ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े किए हैं। पप्पू यादव ने कहा कि ईशांत की मौत बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उनका आरोप था कि यदि पुलिस ने समय पर सक्रियता दिखाई होती तो शायद आज ईशांत जीवित होता। उन्होंने कहा कि अब यह लड़ाई केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि न्याय और व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई बन चुकी है।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि समाज अन्याय के खिलाफ आज भी चुप रहा, तो भविष्य में कोई भी व्यक्ति ऐसी घटनाओं का शिकार हो सकता है। उन्होंने नागरिकों से लोकतांत्रिक तरीके से एकजुट होकर न्याय की मांग करने तथा व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने का आह्वान किया। जन आक्रोश सभा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों एवं समर्थकों की उपस्थिति रही, जिन्होंने ईशांत को न्याय दिलाने की मांग का समर्थन किया।