लखीसराय में लगेगी चेक बाउंस मामलों की विशेष लोक अदालत, 144 लंबित मामलों के निपटारे की तैयारी

  • Post By Admin on Jul 17 2026
लखीसराय में लगेगी चेक बाउंस मामलों की विशेष लोक अदालत, 144 लंबित मामलों के निपटारे की तैयारी

लखीसराय : चेक बाउंस मामलों के त्वरित एवं आपसी सहमति से निपटारे के लिए 18 जुलाई (शनिवार) को जिला न्यायालय परिसर में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर लंबित मामलों के निष्पादन के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने दो विशेष पीठों का गठन किया है और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम ने बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर प्रथम पीठ में न्यायिक पदाधिकारी प्रथम श्रेणी हिमांशु भार्गव तथा द्वितीय पीठ में न्यायिक पदाधिकारी प्रथम श्रेणी सुमन चंद्रा को न्यायिक सदस्य नामित किया है। वहीं अधिवक्ता आशीष चंद्रा एवं अशोक कुमार ठाकुर को क्रमशः दोनों पीठों में सदस्य बनाया गया है। विशेष लोक अदालत का आयोजन 18 जुलाई को सुबह 10 बजे से जिला न्यायालय परिसर स्थित फास्ट ट्रैक भवन में किया जाएगा। इसके सफल संचालन के लिए जिला न्यायालय के तृतीय एवं चतुर्थ वर्गीय कर्मियों को संबंधित पीठों के सहयोग के लिए उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने चेक बाउंस के 144 लंबित मामलों की पहचान कर संबंधित पक्षकारों को नोटिस भेज दिए हैं। साथ ही अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रचार रथ भी रवाना किया गया है, ताकि पक्षकार विशेष लोक अदालत का लाभ उठाकर अपने मामलों का आपसी सहमति से निपटारा करा सकें। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विधानंद सागर ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर 18 जुलाई को पूरे देश में चेक बाउंस मामलों के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित पक्षकारों से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए आपसी सहमति से अपने मामलों का समाधान कराएं, जिससे समय और धन दोनों की बचत हो सके।