ऑपरेशन सिंदूर के सम्मान में निकली तिरंगा यात्रा, अनुराग ठाकुर बोले- हर चुनौती का डटकर जवाब दे रही भारतीय सेना

  • Post By Admin on May 23 2025
ऑपरेशन सिंदूर के सम्मान में निकली तिरंगा यात्रा, अनुराग ठाकुर बोले- हर चुनौती का डटकर जवाब दे रही भारतीय सेना

पांवटा साहिब : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देते हुए भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पीओके में मौजूद आतंकी ठिकानों पर जोरदार कार्यवाई की। इसी वीरता और साहस को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा पांवटा साहिब में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।

इस तिरंगा यात्रा में पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने विशेष रूप से शिरकत की। यात्रा के दौरान उन्होंने कहा, "हमारे वीर जवानों ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। ऑपरेशन सिंदूर ने यह साबित कर दिया है कि भारतीय सेना हर चुनौती का डटकर सामना करने में पूरी तरह सक्षम है। यह यात्रा सैनिकों के बलिदान और पराक्रम को सम्मान देने का छोटा सा प्रयास है।"

रामलीला मैदान से आरंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकली यह यात्रा देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। हाथों में तिरंगा, होठों पर देशभक्ति के गीत और गगनभेदी नारों ने पूरे माहौल को देशप्रेम से ओतप्रोत कर दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने यात्रा के माध्यम से भारतीय सेना के अदम्य साहस और बलिदान को नमन किया।

इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता और भाजपा विचारक अनुराग गुप्ता 'भूषण' विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। गुप्ता ने युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने वाले कई अभियानों का नेतृत्व किया है और हिमाचल की सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों में उनका अहम योगदान रहा है।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी, जिला भाजपा अध्यक्ष, कई मंडल अध्यक्ष और सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। यह तिरंगा यात्रा न केवल राष्ट्रभक्ति का प्रदर्शन थी, बल्कि उन वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक भी बनी, जिन्होंने देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति दी।