चंबा में पसरा मातम : बस हादसे में 7 की दर्दनाक मौत, 7 घायल

  • Post By Admin on Aug 08 2026
चंबा में पसरा मातम : बस हादसे में 7 की दर्दनाक मौत, 7 घायल

चंबा : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य यात्री घायल हो गए। हादसा टिस्सा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के पास हुआ, जहां बैरागढ़ से चंबा जा रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस में कुल 18 यात्री सवार थे। हादसे में बस चालक और परिचालक सहित सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय ग्रामीण तुरंत राहत कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से बचाव अभियान चलाया गया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों का इलाज नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में जारी है, जहां कुछ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

प्रशासन ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। पहाड़ी क्षेत्र में हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज करते हुए घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।