चंबा-लाहौल सीमा पर पहाड़ बना काल, टाटा सूमो दबने से 13 की जान गई, 2 घायल

  • Post By Admin on Jul 25 2026
चंबा-लाहौल सीमा पर पहाड़ बना काल, टाटा सूमो दबने से 13 की जान गई, 2 घायल

शिमला: हिमाचल प्रदेश के चंबा और लाहौल-स्पीति जिलों की सीमा पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब यात्रियों से भरी एक टाटा सूमो टैक्सी अचानक पहाड़ी से गिरी विशाल चट्टान की चपेट में आ गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, हादसा उदयपुर थाना क्षेत्र के कढ़ूनाला-राहौली के पास सीमा सड़क संगठन (BRO) की मुख्य सड़क पर हुआ। बताया जा रहा है कि पहाड़ का एक हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे भारी-भरकम चट्टान सीधे सड़क पर चल रही टाटा सूमो के ऊपर आ गिरी। चट्टान के वजन से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार अधिकांश लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया गया कि टाटा सूमो कुल्लू से पांगी की ओर जा रही थी और टैक्सी के रूप में संचालित हो रही थी। वाहन में चालक वीर सिंह समेत कुल 15 लोग सवार थे। जैसे ही वाहन कढ़ूनाला क्षेत्र में राहौली के पास पहुंचा, तभी अचानक पहाड़ी से विशाल चट्टान गिर गई और वाहन उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि वाहन पूरी तरह दब गया। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायल यात्रियों को तत्काल स्थानीय प्रशासन और राहत दल की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी तिंदी और उदयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रशासन ने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पहचान पूरी होने के बाद सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह पहाड़ का धंसना और उसके बाद भारी चट्टान का अचानक सड़क पर गिरना माना जा रहा है। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

•खबर में दी गई तस्वीर केवल सांकेतिक है...