शिमला : हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के चलते सोलंग घाटी स्थित पहली बर्फ गैलरी के पास भूस्खलन होने से मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-3) पर यातायात बाधित हो गया है। जिला पुलिस अधिकारी मनाली डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। फिलहाल सभी वाहनों को रोहतांग पास की ओर डायवर्ट किया गया है। सड़क के फिर से बहाल होने में कुछ घंटे लग सकते हैं।

मानसून की सक्रियता के कारण प्रदेश में प्राकृतिक आपदाएं लगातार बढ़ रही हैं। भूस्खलन, अचानक आई बाढ़ और मूसलधार बारिश के चलते अब तक 51 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 22 लोग अभी भी लापता हैं। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) द्वारा 20 जून से 1 जुलाई के बीच की क्षति आकलन रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के सभी 12 जिलों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

मंडी जिला सर्वाधिक प्रभावित
रिपोर्ट के अनुसार मंडी जिला में अब तक सबसे ज्यादा 10 लोगों की मौत हुई है और यहां लापता लोगों की संख्या 34 बताई जा रही है। राज्यभर में मानसून जनित घटनाओं में 103 लोग घायल भी हुए हैं।

सैकड़ों मकान क्षतिग्रस्त, करोड़ों की संपत्ति का नुकसान
अब तक 204 मकानों को नुकसान पहुंचने की सूचना है, जिनमें से 22 पूरी तरह नष्ट हो गए हैं। इसके अलावा 84 दुकानें, मजदूरों की झोपड़ियां और मवेशियों के अस्तबल भी प्रभावित हुए हैं। निजी संपत्तियों को हुए नुकसान की अनुमानित लागत 88.03 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि सार्वजनिक ढांचों को पहुंचे नुकसान का आंकड़ा और भी अधिक है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), जल शक्ति विभाग (जेएसवी) और बिजली विभाग सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम में पहाड़ी रास्तों पर यात्रा से बचें और सतर्कता बरतें। वहीं, राहत एवं पुनर्वास कार्य भी विभिन्न एजेंसियों द्वारा तेज़ी से किया जा रहा है।